कोटा में शनिवार को 69वीं राज्य स्तरीय विद्यालय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक 17 वर्षीय फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने विजय वीर क्लब मैदान, कुनाड़ी में आयोजित उद्घाटन समारोह में शिरकत की और फुटबॉल को किक लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
दिलावर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विजेता वही होता है, जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से सफलता प्राप्त करे। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई और तिरंगे रंग के गुब्बारे भी आसमान में छोड़े।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रतियोगिता का द्वजारोहण किया और विभिन्न जिलों से आई टीमों के मार्च पास्ट की सलामी भी ली। प्रतियोगिता में प्रदेश के 44 जिलों से 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। समारोह में शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

