जयपुर/चूरू, 2 नवंबर — राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा के निधन पर गहरा दुख जताया और शनिवार को उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी।
मंत्री दिलावर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि “यह परिजनों के लिए अपूरणीय क्षति है, अमायरा को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।”
दिलावर ने बताया कि शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है, और स्कूल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध होने के कारण बोर्ड से भी स्वतंत्र जांच के लिए कहा गया है। सीबीएसई की टीम जल्द ही स्कूल पहुंचकर जांच करेगी।
अमायरा के परिजनों ने इस दौरान स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए और मंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस बीच, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को चूरू जिले के सालासर में आयोजित रामकथा कार्यक्रम में भी भाग लिया।
उन्होंने सालासर बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
कथावाचक स्वामी श्रवणानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद लेने के बाद मंत्री ने कहा कि “रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला संस्कार पर्व है।”
दिलावर ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
सालासर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने मंत्री का स्वागत किया। आयोजकों ने उन्हें बालाजी का दुपट्टा ओढ़ाकर और चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

