राजस्थान के फलोदी में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई टेंपो ट्रैवलर,15 की मौत,2 घायल

Breaking-News Jodhpur Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के फलोदी में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बापिणी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा गांव के पास भारत माला हाईवे पर हुआ, जब एक टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी।

पुलिस के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी यात्री जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले थे। वे बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि आश्रम के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे मतोड़ा के पास ट्रैवलर ने ओवरटेक करने की कोशिश की और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई।

मतोड़ा थाना प्रभारी अमानाराम ने बताया कि हादसे में मौके पर ही 15 लोगों की मौत हो गई और दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ओसियां से जोधपुर रेफर किया गया है। सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब ट्रैवलर सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी और सड़क किनारे ढाबे के पास खड़े ट्रक से जा टकराई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया और हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।