कोटा ज़िले के इटावा क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली छात्राओं की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल वैन का टायर फट गया और वह सामने चल रही बोलेरो से जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर महाराव भीम सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री दिलावर ने बताया कि अधिकांश बच्चे खतरे से बाहर हैं और कुछ को परिजन घर ले गए हैं।
अस्पताल दौरे के बाद मंत्री दिलावर ने कोटा दक्षिण के वार्ड नंबर 32 में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा तंत्र को सशक्त बनाने और समानता लाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों के बीच भेदभाव खत्म करने के लिए समान यूनिफॉर्म नीति लागू की गई है।
इसी क्रम में मंत्री दिलावर ने रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोडक स्टेशन और हिरिया खेड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में भी हिस्सा लिया। यहां उन्होंने दुहनिया गांव में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए 100×100 वर्ग फुट ज़मीन के पट्टे का वितरण किया और 55 लाख रुपये की लागत से केंद्र निर्माण की घोषणा की।
मंत्री ने हिरिया खेड़ी और मोडक स्टेशन पंचायतों में सामुदायिक भवनों के लिए अपने विधायक कोष से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। शिविरों में कुल 105 जन-अर्जियां प्राप्त हुईं, जिनका उन्होंने मौके पर ही निस्तारण किया।
दिलावर ने जनता से अपील की कि वे स्वच्छता और स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग को अपनाएं और सरकार के विकास अभियानों में सहयोग करें।

