अहमदाबाद में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथ यात्रा के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यात्रा में सबसे आगे चल रहे 17 हाथियों के समूह में से एक हाथी बेकाबू हो गया। घटना सुबह 10 बजे की है जब हाथी अचानक उग्र हो गया और लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को काबू में किया।
घटना के बाद ऐहतियातन तीन हाथियों—दो मादा और एक नर—को रथ यात्रा से हटा दिया गया है। अब यात्रा में कुल 14 हाथी ही शामिल रहेंगे। रथ यात्रा जमालपुर स्थित मंदिर से शुरू हुई थी और रात करीब 8:30 बजे तक भगवान वापस मंदिर लौटेंगे।
इससे पहले सुबह 7 बजे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक पाहिंद विधि (सोने की झाड़ू से मार्ग शुद्धिकरण) कर रथ यात्रा की शुरुआत की। सुबह 4 बजे मंगला आरती के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनका परिवार भी मंदिर पहुंचे और भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया।
पुरी में आज निकलेगी दुनिया की सबसे बड़ी रथ यात्रा
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथ यात्रा दोपहर 4 बजे शुरू होगी। इससे पहले सुबह 6 बजे मंगला आरती हुई और पूजा-अर्चना के बाद भगवान को रथ पर चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुरी के गजपति राजा दिव्य सिंह देव दोपहर 3 बजे पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ (सोने की झाड़ू) विधि से रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद भगवान अपने परिजनों के साथ करीब तीन किलोमीटर दूर मौसी के घर कहे जाने वाले गुंडिचा मंदिर तक की यात्रा पर निकलेंगे।
उदयपुर में भी निकलेगी भव्य रथ यात्रा
राजस्थान के उदयपुर में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। यहां भगवान को करीब 80 किलो चांदी से बने रथ में विराजमान किया जाएगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

