सामूहिक भागीदारी से कोटा को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने पर जोर,‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

Kota Rajasthan

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को आरके पुरम क्षेत्र स्थित वसुंधरा पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आरके पुरम सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली, सीवरेज, पेयजल, बिजली और पार्क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्ययोजना बनाई गई है।

अमृत योजना के तहत पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ और सुचारु किया जाएगा ताकि आमजन को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के सुनियोजित विकास पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। बिरला ने कहा कि जनभागीदारी से ही विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। मुझे विश्वास है कि सभी के सहयोग से नया कोटा आधुनिक सुविधाओं से युक्त होने के साथ-साथ स्वच्छ और हरियाली से आच्छादित शहर के रूप में विकसित होगा।