राजस्थान में मानसून सक्रिय है और कई जिलों में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। पिछले तीन दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में सूरज नहीं निकला है। बारिश के चलते प्रदेश की नदियां उफान पर हैं और सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
नदियां उफान पर, पुल डूबे
भीलवाड़ा की कोठारी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। सिरोही में गुजरात-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे दिल्ली से कांडला की ओर जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है। मूंगथला के पास एक पुलिया बह जाने के कारण सिरोही का रेवदर-आबूरोड मार्ग बंद हो गया है।
मौसम विभाग का अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र ने रविवार को भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 26 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
जोधपुर में हादसा, तीन की मौत
जोधपुर में शनिवार को एक प्लाईवुड कारोबारी की कार बारिश के चलते रपटे पर बह गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
भीलवाड़ा में रिकॉर्ड बारिश
भीलवाड़ा में शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 175 मिमी (7 इंच) बारिश दर्ज की गई। जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही और राजसमंद में भी 3 इंच तक पानी बरसा। पाली में बारिश के कारण एक घर की बालकनी पर पेड़ गिर गया।
मानसून बना मेहरबान
राज्य में एक जून से अब तक सामान्य से 109 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। जालोर और सिरोही में लगातार रिमझिम बारिश जारी है और धूप नजर नहीं आ रही। बारिश ने एक ओर जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जनजीवन को भी प्रभावित किया है।

