इटावा सड़क हादसे पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जताया दुख,एमबीएस अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले

Kota Rajasthan

कोटा, 1 नवम्बर — राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इटावा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है, जिसमें कई स्कूली बच्चों की मौत हो गई। मंत्री नागर ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

बयाना दौरे से लौटने के बाद मंत्री नागर सीधे कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में घायल बच्चों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना और अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा से इलाज की स्थिति की समीक्षा की तथा चिकित्सालय प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ऊर्जा मंत्री ने अपने स्टाफ को घायलों की देखभाल के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।