जयपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान ने प्रतिभा राठौड़ को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए महिला जिला अध्यक्ष, जयपुर पद पर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मेश कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भैरोंसिंह चौहान एवं राष्ट्रीय प्रमुख महामंत्री महेंद्र सिंह तोमर की सहमति से की गई है।
प्रतिभा राठौड़ लंबे समय से शिक्षा, खेल, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं। महिलाओं को एक मंच पर लाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में वे निरंतर कार्य कर रही हैं।
नियुक्ति पर प्रतिभा राठौड़ ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उनका प्रयास रहेगा कि जयपुर की अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाए तथा महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और समाज उत्थान के लिए सकारात्मक पहल की जाए।
उन्होंने कहा, “महिलाएं जब संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरा समाज मजबूत होता है। मेरा प्रयास रहेगा कि हर महिला को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने के लिए एक मजबूत मंच मिले।”
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभा राठौड़ अपनी सकारात्मक ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सक्रियता से संगठन को जयपुर में और अधिक मजबूत करेंगी।

