शहीद सम्मान से लेकर युवाओं के रोजगार तक,टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Politics Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने शुक्रवार को अलवर के महवा में शहीद स्वर्गीय अतर सिंह जाटव की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और हर शहीद परिवार को समान सम्मान, पेंशन और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

जूली ने कहा कि शहीद अतर सिंह जाटव ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और उनकी शहादत को आने वाली पीढ़ियां याद रखें, इसलिए प्रतिमा स्थापना जरूरी थी। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद परिवारों को सहायता के लिए भटकना पड़ता है, जबकि यह सरकार की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान जूली ने संविधान, सामाजिक न्याय और राजनीतिक माहौल को लेकर भी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशों का जवाब जनता को लोकतांत्रिक तरीके से देना होगा।

इसके साथ ही जूली ने प्रदेश में युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में बैंकों की धीमी प्रक्रिया के कारण हजारों युवाओं के आवेदन अलमारियों में अटके पड़े हैं।

‘राइजिंग राजस्थान’ प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि बड़ी घोषणाओं के बावजूद ज्यादातर प्रोजेक्ट अब भी जमीन पर नहीं उतर पाए हैं। वहीं पचपदरा रिफाइनरी में देरी को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि इससे युवाओं के रोजगार के लाखों अवसर प्रभावित हुए हैं।

जूली ने कहा कि राज्य का युवा अब केवल घोषणाओं और वादों से मजदूरों नहीं होगा और सरकार को रोजगार व विकास के मोर्चे पर ठोस परिणाम देने होंगे।