जयपुर:दिनदहाड़े पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या,आरोपी की तलाश जारी

Rajasthan

जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े पति-पत्नी की हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम उनके परिचित मोनू ने दिया और फरार हो गया। मृतकों की पहचान राजाराम (26) और उनकी पत्नी आशा मीणा (25) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मोनू बातचीत के लिए उनके घर आया था। उस वक्त दंपति के साथ राजाराम की बहन भी मौजूद थी। राजाराम ने बहन को किसी काम से बाहर भेज दिया। दोपहर करीब 1 बजे राजाराम का छोटा भाई घर पहुंचा तो उसने दोनों को खून से लथपथ पाया। सिर पर गोली के निशान थे। अस्पताल में डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मोनू और दंपति के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है।