अजमेर।
अजमेर में आयोजित मातृशक्ति मानसून फेस्ट 2026 में रविवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल के आतिथ्य में ‘मातृशक्ति मानसून फेस्ट का आयोजन किया गया । कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दिया कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर फेस्ट का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का सहज और अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने झूले पर बैठकर आनंद लिया और महिलाओं के बीच घुल-मिलकर फेस्ट का लुत्फ उठाया। इस दौरान विधायक अनिता भदेल भी उनके साथ मौजूद रहीं। दिया कुमारी की सहजता ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने म्यूजिकल चेयर इवेंट में भी हिस्सा लिया और महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं, उन्होंने मेले में गोलगप्पों का भी आनंद लिया। उपमुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया ।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मेले का आयोजन बहुत अच्छा हुआ है और महिलाओं में भी इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा लगाई गई स्टॉल्स पर उनके अपने हाथों से बनाई गई सामग्री लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दिया कुमारी ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और हुनर को आगे बढ़ाने के लिए हम सभी को उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए।
मातृशक्ति मानसून फेस्ट में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और विभिन्न आयोजनों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर जमकर आनंद उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी जी, राजसमंद विधायक श्रीमती दिप्ती माहेश्वरी जी, जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा जी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राखी राठौड़ जी, आर्य कॉलेज की निदेशक श्रीमती पूजा अग्रवाल जी, श्रीमती पारुल नय्यर जी एवं क्षेत्र की उर्जावान माताएं और बहने उपस्थित रहीं।

