नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूर्ण:ओबीसी आंकड़े मिलते ही तीन दिन में निकलेगी आरक्षण लॉटरी —राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 10 नवम्बर। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि स्वायत्त शासन विभाग के स्तर पर नगर निकाय चुनावों का कार्य पूरा हो चुका है। नगर निकाय की सीमाओं में वृद्धि का नोटिफिकेशन जारी करने के साथ ही, वार्डो के परिसीमन और पुर्नसीमांकन का काम भी पूर्ण कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को निकायवार पिछड़े वर्ग की आबादी के आंकड़े इकट्टे करने थे। वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग को नए परिसीमन के अनुसार मतदाता सूची जारी करनी थी। दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक यह सूची जारी होनी थी।

खर्रा ने कहा कि इसी बीच भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम जारी कर दिया। इसलिए अब एसआईआर कार्यक्रम पूर्ण होने से पहले मतदाता सूची जारी नहीं की जा सकती है। पिछड़ा वर्ग आयोग के द्वारा पिछड़े वर्ग की जनसंख्या अनुसार सूची जारी होने के तीन दिन के भीतर स्वायत शासन विभाग आरक्षण लॉटरी निकाल देगी। एंव एक राज्य एक चुनाव के तहत चुनाव आयोग को चुनाव हेतु आग्रह कर देंगे ।

राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय निकायों को सुचारू रूप से संचालित करने और जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में, शासन द्वारा निकायों की प्रशासनिक व्यवस्था और सुशासन को सर्वोपरि रखते हुए जनहित में आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।