राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित माँ भगवती उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को प्रवेश उत्सव-2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने दीप प्रज्वलन और देव पूजन के साथ किया।
इस विद्यालय का संचालन गायत्री परिवार द्वारा किया जा रहा है और यह धीरे-धीरे वैदिक संस्कृति के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। विद्यालय में वर्तमान में करीब 200 विद्यार्थी निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। छात्रों को पुस्तकें, यूनिफॉर्म और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री भी विद्यालय की ओर से निशुल्क दी जाती है।
इस मौके पर मंत्री दिलावर ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान बनाना भी है। शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही उन्हें बेहतर नागरिक बनाएगा। गायत्री परिवार इस दिशा में प्रशंसनीय कार्य कर रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि गायत्री परिवार, अपने मार्गदर्शक आचार्य श्रीराम शर्मा द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में संस्कारों के बीज बोने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री ने छात्रों को स्कूल की ओर से निःशुल्क किट वितरित की और विद्यालय परिसर में बिल्वपत्र का पौधा भी रोपा।

