मेनचेस्टर टेस्ट:गिल और राहुल की साझेदारी से भारत की वापसी,इंग्लैंड को जीत के लिए अंतिम दिन चाहिए 8 विकेट

Front-Page Sports

मेनचेस्टर में खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 174 रन बना लिए हैं। टीम के लिए कप्तान शुभमन गिल 78 रन और ओपनर केएल राहुल 87 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाज़ अब आखिरी दिन भारत की उम्मीदों को आगे ले जाएंगे।

इससे पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 669 रन पर समाप्त कर 311 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी। भारत अभी भी 137 रन पीछे है। मैच ड्रॉ कराने के लिए टीम इंडिया को पूरे दिन बल्लेबाज़ी करनी होगी, जबकि इंग्लैंड को जीत के लिए भारत के शेष 8 विकेट लेने होंगे।

रिकॉर्ड्स और आंकड़े

  • शुभमन गिल किसी एक विदेशी दौरे में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली (655 रन) को पीछे छोड़ा और अब केवल सुनील गावस्कर (732 रन) से पीछे हैं।
  • इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में टेस्ट की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड बना दिया है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया के 656/8d (1964) के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।

इंग्लैंड की पहली पारी का प्रदर्शन

कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन की शानदार पारी खेली, वहीं जो रूट ने 150 रन बनाए। अन्य प्रमुख योगदानकर्ताओं में बेन डकेट (94), जैक क्रॉली (84), ओली पोप (71) और ब्रायडन कार्स (47) शामिल रहे।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर को दो-दो विकेट मिले। अंशुल कम्बोज और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।

टीमों की Playing XI

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कम्बोज।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम डॉसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स।