जैसलमेर में नेत्र महाकुंभ का निरीक्षण:सेवा और समरसता का अद्भुत संगम,नेत्रहीनों को रोशनी देना सबसे बड़ा दान– केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत

Rajasthan Rajasthan-Others


जैसलमेर, 31 अगस्त। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामदेवरा में आयोजित नेत्र महाकुंभ को सेवा एवं समरसता का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि बाबा रामदेव के भाद्रपद मेले में हो रहा यह आयोजन स्वयं में पुण्य का सर्जक है। उन्होंने कहा कि लक्षाधिक लोगों तक नेत्र सेवा पहुंचाना एक अभिनंदनीय प्रयास है। इस सेवा संकल्प से जुड़े प्रत्येक चिकित्सक, स्वयंसेवक व आयोजक का उन्होंने हार्दिक अभिनंदन किया एवं इसे जनकल्याण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री शेखावत ने रविवार को रामदेवरा में आयोजित नेत्र कुंभ शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में उपस्थित चिकित्सकों, स्वयंसेवकों व आयोजकों से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की एवं व्यवस्थाओं की सराहना की।

नेत्रहीनों को रोशनी देना है सबसे बड़ा दान

निरीक्षण के दौरान शेखावत ने स्वयं का ब्लड प्रेशर चेक करवाया तथा रोगियों की सुविधा और सेवा के लिए की गई व्यवस्थाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज सेवा एवं जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। नेत्रहीनों को रोशनी देना सबसे बड़ा दान है और नेत्र कुंभ इस पुण्य कार्य को समर्पित है।

नेत्र कुंभ आयोजकों की सहराना की

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि वे मानव सेवा के क्षेत्र में जो योगदान दे रहे हैं वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि नेत्रहीनों को आंखों की रोशनी प्रदान करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। नेत्रदान को ‘महादान’ यूं ही नहीं कहा गया है। उन्होंने सक्षम संस्थान और आयोजन से जुड़ी संपूर्ण टीम को इस जनसेवा एवं मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में साबित होगा एक मील का पत्थर

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने कहा कि संस्थान ने जो महान पुनीत कार्य हाथ में लिया है, वह स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही, उन्होंने संस्थान द्वारा शिविर के माध्यम से हजारों लोगों तक पहुंच कर चिकित्सा सहायता पहुंचाने के प्रयासों को अत्यंत प्रशंसनीय एवं प्रेरणादायक बताया।

इस दौरान शेखावत को बताया गया कि संस्थान की टीम के अथक प्रयासों से मेले के दौरान अब तक 83 हजार से अधिक नेत्र रोगियों की जांच की जा चुकी है एवं 75 हजार से अधिक जरूरतमंदों को चश्मे व अन्य उपकरण वितरित किए गए हैं। यह पहल नेत्र चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अनूठा उदाहरण बन चुकी है।

इस अवसर पर राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, प्रशासनिक अधिकारी, सक्षम संस्थान के प्रतिनिधि, अन्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।