एनडीए बैठक में पीएम मोदी बोले-‘नीट पेपर लीक पर छात्रों के साथ सरकार’,दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले पर कहा कि सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी।

रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक राष्ट्रीय चिंता का विषय है और इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में केंद्र के साथ-साथ राज्यों को भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

बैठक के बाद रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों, विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और अन्य प्रमुख मुद्दों पर सांसदों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बैठक में नए राज्यसभा सांसदों का भी स्वागत किया गया।

एफटीए पर चर्चा का उल्लेख करते हुए रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक के विरोध में जारी प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब इस मुद्दे को लेकर विपक्ष और विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही है।