भीलवाड़ा में नए कोर्ट परिसर का भूमि पूजन,उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा—“न्याय होगा सुलभ और पारदर्शी”

Rajasthan Rajasthan-Others

भीलवाड़ा:-भीलवाड़ा जिले में न्यायिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला एवं सेशन न्यायालय के नवीन परिसर के भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य रूप से भाग लेते हुए इसे न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया।

भूमि पूजन के साथ ही जिला बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मजबूत स्तंभ है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार के आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया न्यायालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित न्याय मिल सकेगा।

नया न्यायालय परिसर न केवल न्यायिक कार्यों को गति देगा, बल्कि अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और वादकारियों को एक बेहतर और सुविधाजनक वातावरण भी प्रदान करेगा। स्थानीय स्तर पर इसे विकास और न्यायिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में राजस्थान हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, माननीय न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी, माननीय न्यायाधीश फरजंद अली, माननीय न्यायाधीश प्रवीर भटनागर, जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन, श्रीमती प्रेरणा शर्मा, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, सहाडा विधायक लादूलाल पितलिया, शाहपुरा विधायक लालाराम, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, अध्यक्ष महाराणा कुंभा ट्रस्ट हेमेन्द्र सिंह, महासचिव पंकज कुमार दाधीच, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, राजस्व सचिव मनोहर लाल, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, संयुक्त सचिव आदित्य सिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप लाल, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।