राजस्थान के अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक ओर जहां कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया, वहीं भारतीय जनता पार्टी सरकार पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश का दावा किया।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी “संगठन बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारे के साथ आगे बढ़ेगी। जूली ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से बच रही है, जो उसकी घबराहट को दर्शाता है।
इससे पहले, मोती डूंगरी स्थित कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने शाकिर खान को कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अग्रिम संगठन संगठन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खेलों का विशेष महत्व है।
वहीं, खैरथल-तिजारा जिले के श्यामाका गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में जूली ने उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और संघर्ष का उनका संदेश समाज को दिशा देता है। उन्होंने लोगों से “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को अपनाने की अपील की।
इन कार्यक्रमों के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जहां संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की गई।

