जयपुर में सोमवार को शहीद स्मारक पर मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बावजूद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
बेनीवाल ने एसआई भर्ती में हुई गड़बड़ियों का हवाला देते हुए कहा कि अदालत ने सरकार से स्पष्ट तौर पर पूछा है कि पेपर लीक की स्थिति में यह कैसे तय होगा कि कौन अभ्यर्थी सही तरीके से चयनित हुआ और कौन नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब इस मुद्दे पर राजनीतिक क्रेडिट लेने की कोशिश कर रही है।
सांसद ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा, “मैं लगातार आपके लिए लड़ रहा हूं, लेकिन आपको भी मजबूती से आवाज उठानी होगी, नहीं तो आने वाली पीढ़ियां सवाल करेंगी।” उन्होंने नागौर के रियां क्षेत्र में किसानों पर हुए कथित हमले का भी जिक्र किया और कहा कि “प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है, पुलिस माफियाओं के दबाव में है।”
बेनीवाल ने साफ किया कि RLP एसआई भर्ती को रद्द करने और राजस्थान लोक सेवा आयोग के पुनर्गठन की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी।

