एसआई भर्ती रद्द कराने की मांग को लेकर शहीद स्मारक पर हनुमान बेनीवाल का धरना फिर शुरू

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में एसआई भर्ती प्रक्रिया को रद्द कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के अध्यक्ष और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर एक बार फिर धरना शुरू किया।

बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव 2023 से पहले जो वादे किए थे, उन्हें अब भुला दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) को भंग करने और पेपर लीक मामलों की CBI जांच की बात तो करती रही, लेकिन सत्ता में आते ही इन वादों से मुकर गई।

‘मंत्रियों और अफसरों के दबाव में नहीं हो रहा फैसला’
सांसद ने कहा कि एसआई भर्ती को रद्द करने के लिए SOG, PHQ, AAG और मंत्रिमंडलीय उप-समिति सिफारिश कर चुकी है। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री केके बिश्नोई और मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठे कुछ अफसरों के दबाव में मुख्यमंत्री निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ये अफसर और मंत्री उन लोगों को बचाना चाहते हैं जो फर्जीवाड़े से भर्ती हुए हैं।

जल्द करेंगे एक लाख लोगों की रैली
बेनीवाल ने बताया कि इससे पहले दो सप्ताह तक धरना चला था, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण राष्ट्रहित में स्थगित किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो राजधानी जयपुर में एक लाख लोगों की रैली निकाली जाएगी, जिसमें एसआई भर्ती को रद्द करने की मांग प्रमुख होगी।