तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा:रंगारेड्डी जिले में डंपर और बस की टक्कर में 20 की मौत,कई घायल

Breaking-News Front-Page National

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह हैदराबाद-बीजापुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गिट्टी से लदे एक डंपर ने तेलंगाना रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (TRTC) की बस को टक्कर मार दी। हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा चेवेल्ला थाना क्षेत्र के खानपुर गेट के पास हुआ, जब गलत दिशा से आ रहा डंपर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर पर लदी गिट्टी बस की बॉडी तोड़ते हुए यात्रियों पर जा गिरी। हादसे के वक्त बस में 70 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश कॉलेज छात्र थे। ये सभी तंदूर से हैदराबाद लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद कई यात्री बस में फंस गए। बस स्टाफ ने लगभग 15 यात्रियों को बचाया, जबकि पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा शोक जताया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के आदेश जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार ने परिजनों और घायलों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9912919545 और 9440854433 जारी किए हैं।

घटनास्थल की तस्वीरों में बस के मलबे में फंसे यात्री, गिट्टी से ढकी बॉडी और राहतकर्मियों का कठिन बचाव अभियान देखा जा सकता है। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है।