होशियारपुर:एलपीजी टैंकर ब्लास्ट में 4 की मौत,30 घायल,15 दुकानें और 4 घर जलकर राख

Front-Page National

पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हुआ। मंडियाला गांव के पास एलपीजी से भरे टैंकर में विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे एक मिनी ट्रक की टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और उसमें आग लग गई। गैस रिसाव के चलते आग ने देखते ही देखते आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में कम से कम 3-4 लोगों की मौत हुई है और करीब 30 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

एसपी मेजर सिंह ने बताया, “हमने FIR दर्ज कर ली है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। गैरकानूनी तरीके से गैस भरने की आशंका पर भी जांच हो रही है।”

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घर और दुकानें चंद सेकंड में आग की लपटों में घिर गए। हादसे के बाद होशियारपुर-जालंधर नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोग मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं।

झुलसे ग्रामीणों का कहना है कि मंडियाला गांव के आसपास एलपीजी गैस की कालाबाजारी होती है और हादसे का टैंकर भी उसी काम के लिए आया था। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।