उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। धमाके में फैक्ट्री मालिक और उसकी पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। कई लोग अब भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं।
धमाका इतना तेज था कि पूरी इमारत जमींदोज हो गई और आसपास के 2–3 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बाराबंकी से फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर बुलाई गई हैं।
जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा में हुए इस हादसे के बाद डीएम और कमिश्नर मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और राहत दल जेसीबी की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से रिहायशी इलाके में चल रही थी। धमाके का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर दिया है और आसपास के घरों को खाली कराया गया है।

