जैसलमेर, 31 अगस्त। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जो लोग स्वयं को संविधान का रक्षक बताने का दावा करते हैं, वे अक्सर यह भूल जाते हैं कि संविधान की भाषा का प्रयोग किस प्रकार करना चाहिए। शेखावत ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में भाषा का प्रयोग मर्यादा, शिष्टता के साथ होना चाहिए।
रविवार को जैसलमेर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में शेखावत ने दो टूक कहा कि मां चाहे किसी की भी हो, सबके लिए आदरणीय होनी चाहिए।राहुल गांधी द्वारा असंवैधानिक भाषा का उपयोग करने से न केवल लाखों लोगों को आहत हुए हैं, बल्कि इससे उनका चारित्रिक विकास किस दृष्टिकोण से हुआ, यह भी स्पष्ट हो गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि वह नामदार हैं और हम कामदार हैं। हम काम करने वाले लोग हैं, वह नाम के साथ राजनीति करने वाले लोग हैं। शेखावत ने कहा कि राहुल गांधी को शायद लगता है कि हम सारी सीमाओं से, सारे बंधनों से, सारे कानून से, सारी व्यवस्थाओं और सारी संवैधानिक मर्यादाओं से परे हैं, लेकिन भगवान उनको सद्बुद्धि देगा और हम सब मिलकर लगातार देश को विकसित करने की दिशा में जो प्रयास कर रहे हैं, उस पर चलते रहेंगे। यही हमारी अपेक्षा और संकल्प है।
पराजय का ठीकरा दूसरे पर फोड़ने की कांग्रेस की पुरानी आदत
वोटों को लेकर कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को लेकर शेखावत ने कहा कि पराजय का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कांग्रेस की पुरानी आदत है। हर बीतने वाले चुनाव के बाद कांग्रेस कभी ईवीएम के सिर ठीकरा फोड़ती है तो कभी चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि इसी तरह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का एक-एक रास्ता कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के नेताओं ने अपनाया है, जो आने वाले समय में देश के लिए दुर्भाग्य का कारक बनेगा।
80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने किया पाप
केंद्रीय मंत्री ने झेलम, चिनाब और सिंधु नदी का ज्यादा पानी पाकिस्तान को दिए जाने को लेकर कांग्रेस की तत्कालीन सरकार का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने इन नदियों का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देकर किसानों के साथ पाप किया। शेखावत ने कहा कि 1960 से 65 सालों तक इस पाप का जो घाव गहरा होता जा रहा था, इस पर थोड़े ही दिनों में मरहम लगाकर ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था होगी, जिसका लाभ राजस्थान और पश्चिम राजस्थान को बड़े पैमाने पर मिलेगा।
हितों से समझौता नहीं करेगी मोदी सरकार
अमेरिका की ट्रंप सरकार द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार नए भारत की सरकार है, जो भारत के हितों के लिए किसी के दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के किसानों, मछुवारों, कुटीर उद्योगों के हितों के संरक्षण के लिए हम पूरे प्राण और प्रण के साथ अडिग रहेंगे। हम अपनी क्वालिटी को इंप्रूव करेंगे और लागत को कम करेंगे, जिससे भारत के सामने बाजार में नए अवसर सामने आएंगे।

