महाकुंभ के 13वें दिन शनिवार सुबह प्रयागराज के किला घाट पर एक नाव पलट गई। नाव में सवार 10 लोग गंगा में डूबने लगे, जिन्हें जल पुलिस ने बचा लिया। प्राथमिक इलाज के लिए सभी को अस्पताल भेजा गया है।
इससे पहले, महाकुंभ क्षेत्र के सेक्टर-2 में दो गाड़ियों में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फायर अफसर विशाल यादव ने बताया कि एक गाड़ी में लगी आग ने पास खड़ी दूसरी गाड़ी को भी आधा जला दिया। आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है।
19 जनवरी को सिलेंडर लीक होने से सेक्टर-19 में आग लगी थी, जिसमें 180 टेंट जल गए थे।
महाकुंभ में शुक्रवार को मशहूर गायक गुरु रंधावा ने स्नान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “नई शुरुआत कर रहा हूं।”
सीएम योगी आदित्यनाथ आज फिर प्रयागराज का दौरा करेंगे। यह उनका महाकुंभ के दौरान तीसरा दौरा है। वे मौनी अमावस्या स्नान से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दिन 8-10 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए 25 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रयागराज के शहरी क्षेत्र में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई कराई जाएगी।

