पटना — बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने दोनों डिप्टी मुख्यमंत्री — सम्राट चौधरी को तारापुर और विजय सिन्हा को लखीसराय से उम्मीदवार बनाया है।
वहीं, इस सूची में कई बड़े नामों का टिकट कट गया है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, जो लगातार पांच बार पटना सिटी सीट से विधायक रहे हैं, को इस बार टिकट नहीं मिला। कुम्हरार से पांच बार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा का नाम भी सूची से बाहर है।
पहली सूची में 12 मंत्रियों और 9 महिलाओं को जगह दी गई है। महिला उम्मीदवारों में रेणु देवी (बेतिया), गायत्री देवी (परिहार), देवंती यादव (नरपतगंज), स्वीटी सिंह (किशनगंज), निशा सिंह (प्राणपुर), कविता देवी (कोढ़ा), रमा निषाद (औराई), अरुणा देवी (वारिसलीगंज) और श्रेयसी सिंह (जमुई) शामिल हैं।
बीजेपी इस बार 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राज्य में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
2020 के चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 74 सीटें जीती थीं। वर्तमान विधानसभा में बीजेपी के 80 विधायक हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक और जातीय समीकरण, पिछले नतीजों और स्थानीय लोकप्रियता को ध्यान में रखा है। बीजेपी नेताओं का दावा है कि इस बार पार्टी न केवल सत्ता में वापसी करेगी, बल्कि पिछले प्रदर्शन से बेहतर परिणाम हासिल करेगी।






