जोधपुर, 24 अक्टूबर —
जोधपुर के सूरसागर स्थित इंदिरा देवी मांगीलाल अग्रवाल आदर्श विद्या मंदिर के भवन विस्तार कार्य का लोकार्पण शुक्रवार को एक भव्य समारोह में किया गया। इस अवसर पर संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी और विद्या भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अवनीश भटनागर भी शामिल हुए।
मंत्री जोगाराम पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती संस्थान राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से ओत-प्रोत युवा पीढ़ी के निर्माण का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि विद्या मंदिर केवल शिक्षा का स्थान नहीं, बल्कि यह राष्ट्र प्रेम और सेवा भावना को छात्रों के हृदय में जागृत करने का माध्यम है।
उन्होंने अग्रवाल परिवार और अन्य भामाशाहों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “दानदाताओं का यह सहयोग शिक्षा क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।”
राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि विद्या मंदिर भारतीय शिक्षा प्रणाली के सच्चे प्रतीक हैं, जहां आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता और राष्ट्रनिष्ठा का भी समावेश होता है।
विधायक देवेन्द्र जोशी ने कहा कि सूरसागर का यह विद्यालय केवल ज्ञान का नहीं, बल्कि संस्कारों का भी केंद्र है, जो विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में घनश्याम ओझा, राजेंद्र कुमार गहलोत, निर्मल गहलोत, जयप्रकाश अग्रवाल और रामचंद्र अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

