भारत सरकार ने शनिवार को पाकिस्तान से सीधे और परोक्ष रूप से होने वाले आयात पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके साथ ही भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाज़ों के प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है। पोत परिवहन मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय जहाज़ अब पाकिस्तान के बंदरगाहों का रुख नहीं करेंगे।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लॉरेंको से मुलाकात के दौरान कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के बाद पुलिस ने 75 लोगों को पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई की पुष्टि आईजी वी.के. बिरदी ने दैनिक भास्कर से की है।
वहीं, देश की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए जबलपुर (मध्य प्रदेश) और चंद्रपुर (महाराष्ट्र) की ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रबंधन ने कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकता है और कार्य में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।
उधर पाकिस्तान ने शनिवार को 450 किमी. रेंज वाली बैलिस्टिक मिसाइल ‘अब्दाली’ का सफल परीक्षण किया है। हालांकि पाकिस्तान की सेना ने यह नहीं बताया कि यह परीक्षण कहां किया गया।

