टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले टीम 2007, 2014 और 2024 में भी फाइनल तक पहुंच चुकी है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जवाब में 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
सैमसन की दमदार पारी
भारतीय टीम के लिए संजू सैमसन ने 89 रन की अहम पारी खेली। इसके अलावा शिवम दुबे ने 43, ईशान किशन ने 39, हार्दिक पंड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को एक सफलता मिली।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का बड़ा स्कोर
भारत का 253 रन का स्कोर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में उसका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टीम का सर्वोच्च स्कोर 256 रन है, जो इसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया गया था। ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
बेथेल का शतक भी नहीं बचा सका इंग्लैंड
254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। बाद में जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
बेथेल ने टॉम बैंटन, विल जैक्स और सैम करन के साथ अहम साझेदारियां कीं, लेकिन आखिरी ओवर में उनके रनआउट होने के बाद इंग्लैंड लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गया।
इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है और अब टीम की नजर एक और विश्व कप खिताब पर होगी।

