दौसा जिले के महवा क्षेत्र के कुतकपुर गांव में चारागाह भूमि पर 220 केवी जीएसएस बनाने के विरोध में ग्रामीण पिछले 168 दिनों से धरने पर बैठे हैं। गुरुवार को ग्रामीण गोवंश और भेड़-बकरियों के साथ एसडीएम कार्यालय की ओर पैदल कूच के लिए निकल पड़े।
यह पैदल मार्च हिण्डौन रोड स्थित देवी माता मंदिर से शुरू हुआ। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष महवा कस्बे की ओर बढ़ते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
रैली के कारण महवा-हिंडौन स्टेट हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सरकार ने पहले खोहरा मुल्ला-मातासूला क्षेत्र के लिए 220 केवी जीएसएस स्वीकृत किया था। विरोध के बाद इसे कुतकपुर की चारागाह भूमि में स्थानांतरित कर दिया गया, जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।

