मुंबई एयरपोर्ट पर शनिवार को इंडिगो एयरलाइन के A321 विमान के साथ एक तकनीकी हादसा हुआ। एयरलाइन के मुताबिक खराब मौसम के कारण पायलट ने लैंडिंग के बजाय गो-अराउंड (दोबारा टेकऑफ की प्रक्रिया) का फैसला लिया। इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा (टेल) रनवे से छू गया।
एयरलाइन ने बयान जारी कर बताया कि दूसरी कोशिश में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। विमान की फिलहाल जांच और मरम्मत की जा रही है और आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही इसे फिर से सेवा में लगाया जाएगा।
हाल के दिनों में लगातार हादसे
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही हफ्ते पहले 21 जुलाई को मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का विमान AI2744 रनवे से फिसल गया था। कोच्चि से आए इस विमान की लैंडिंग के दौरान भारी बारिश की वजह से रनवे पर फिसलन थी। विमान घास वाले हिस्से में चला गया, जिससे उसके इंजन और टायर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
एयर इंडिया ने बताया था कि हादसे में यात्रियों और क्रू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन रनवे और एयरपोर्ट की कई सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
पुरानी घटनाएं भी याद दिलाती हैं खतरा
मुंबई एयरपोर्ट पर मानसून के दौरान रनवे हादसों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। सितंबर 2023 में विशाखापट्टनम से आए एक बिजनेस जेट लीयरजेट 45 VT-DBL की लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से फिसलकर दो हिस्सों में टूट गया था। इस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए थे और विमान को हटाने में कई घंटे लगे थे।

