जैसलमेर, 8 नवंबर —
राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और जैसलमेर प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शनिवार को नवनिर्मित जैसलमेर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और कॉलेज में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री खींवसर को कॉलेज भवन, अधोसंरचना और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
खींवसर ने बताया कि जल्द ही जैसलमेर मेडिकल कॉलेज में 50 छात्रों के पहले बैच की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही कॉलेज परिसर में 345 बेड क्षमता वाले अस्पताल और 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनके पूर्ण होने पर जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही उन्नत चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर जैसे सीमावर्ती जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।”
निरीक्षण के दौरान जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व विधायक डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र पालीवाल, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण प्रकाश चौहान सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

