निर्माण कार्यों में लापरवाही पर अभियंताओं पर कार्रवाई के निर्देश — उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी:समीक्षा बैठक में लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के दिए आदेश

Jaipur Rajasthan


जयपुर, 08 अक्टूबर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि जो अभियंता फिल्ड में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण नहीं कर रहे है या निर्माण में लापरवाही के बावजूद रिपोर्ट नहीं कर रहे है उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को शासन सचिवालय में उपमुख्यमंत्री कार्यालय के सभागार में आयोजित सार्वजनिक निर्माण विभाग की बैठक में प्रदेश की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होनें कहा कि बरसात के कारण खराब हुई सड़कों के सुधार के लिए सरकार द्वारा राशि आवंटित की जा चुकी है। जिलों में पदस्थापित अधिकारी जल्द से जल्द नवंबर माह के अन्त तक निर्माण कार्यों को पूरा करवाये। उन्होनें बजट घोषणाओं को समय पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने खाटू श्याम मंदिर कोरिडोर के निर्माण कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देंश दिए।
समीक्षा बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होनें बताया कि अजमेर रोड़ पर रिंग रोड से कनेक्टिविटी के लिए बनाये जा रहे क्लोवर लीफ को दिवाली तक आम जनता के लिए शुरू कर दिया जायेगा। इसी प्रकार दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे के पैकेज 10 के तहत् सवाईमाधोपुर से कोटा तक के हिस्से का निर्माण कार्य दिसम्बर तक पूरा होना संभावित है। उपमुख्यमंत्री ने शाहपुरा फ्लाईओवर का काम जल्द पूरा कर दिल्ली रोड के अन्य कामों को भी शीघ्र पूरा करवाने के निर्देंश दिये।
प्रदेश का राजस्व बढाने के लिए अच्छी कनेक्टिविटी जरूरी- उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन के साथ औद्योगिक विकास की अपार सम्भावनायें है। इन सम्भावनाओं को साकार करने के लिए हमे बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करना होगा। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सरकार के एक वर्ष 9 माह के कार्यकाल में प्रदेश में 34956 किमी सड़कों का निर्माण करवाया गया है जिस पर लगभग 24099 करोड़ रूपये की राशि व्यय की गई है।
उपमुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं, एनएच, आरएसआरडीसी, राजस्थान स्टेट हाईवे ऑथारिटी , पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं एवं भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, शासन सचिव डी आर मेघवाल, मुख्य अभियंता टी सी गुप्ता सहित आला अधिकारी उपस्थित रहे।