राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण में रविवार को अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव-2025 की भव्य शुरुआत हुई। स्थानीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इसके बाद निकली शोभायात्रा में पारंपरिक लोक कलाकारों ने कीलों और तलवार पर नृत्य कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान ऊंटों पर सवार होकर इस शोभायात्रा का हिस्सा बने।
शोभायात्रा में झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
पोकरण फोर्ट से निकली शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के मैदान तक पहुंची। इस दौरान लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। गायक जलाल खान ने भजनों से समां बांधा, जबकि कलाकार रेवंता राम ने तलवार और लोहे की कीलों पर भवई नृत्य कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
ग्रामीण खेलों और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन
महोत्सव के तहत दिनभर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें मिस्टर और मिस पोकरण प्रतियोगिता, रस्साकशी, ग्रामीण कुश्ती, मटका रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। साफा बांधने की अनूठी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को एक मिनट में पारंपरिक साफा बांधने की चुनौती दी गई।
शाम को सेलिब्रिटी कलाकारों की प्रस्तुति
शाम 7 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध राजस्थानी गायक चुगे खां, मनीषा शर्मा और डी. नवीन अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पोकरण प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।