राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत छह विपक्षी विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया गया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। निलंबन के फैसले के खिलाफ कांग्रेस विधायकों ने सदन में ही धरना शुरू कर दिया।
इंदिरा गांधी पर टिप्पणी से विवाद
हंगामे की शुरुआत प्रश्नकाल के दौरान तब हुई, जब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर एक टिप्पणी की। इस पर कांग्रेस विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए। स्थिति बिगड़ने के कारण सदन की कार्यवाही को तीन बार स्थगित करना पड़ा।
छह विधायकों का निलंबन
शाम चार बजे जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो कांग्रेस विधायकों का विरोध जारी रहा। इस दौरान भाजपा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने छह विधायकों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे स्पीकर वासुदेव देवनानी ने मंजूर कर लिया। निलंबित किए गए विधायकों में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा, अमीन कागजी, जाकिर हुसैन गैसावत, हाकम अली खान और संजय कुमार शामिल हैं। इन्हें बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया है।
सरकार और विपक्ष आमने-सामने
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस विधायकों का व्यवहार अनुशासनहीन था और वे स्पीकर के पास जाकर आक्रामक हो गए थे, जिससे कार्यवाही बाधित हुई। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस विधायकों को अपने व्यवहार के लिए खेद जताना होगा।
वहीं, कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर सदन को नियंत्रित न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हम विधानसभा में अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं करेंगे। मंत्री जवाब नहीं दे पा रहे और जब हमने सवाल किए तो हमें निलंबित कर दिया गया।”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी अस्वीकार्य है। भाजपा सरकार राज्य के विकास पर चर्चा नहीं करना चाहती, इसलिए इस तरह के मुद्दे उछाले जा रहे हैं।”
वसुंधरा राजे की विधानसभा में एंट्री
विधायकों के निलंबन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी विधानसभा पहुंचीं और स्पीकर से लंबी बातचीत की।
विधानसभा में धरना जारी
निलंबन के बाद कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में ही धरना शुरू कर दिया, जिससे सत्र की कार्यवाही बाधित रही। फिलहाल, विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

