कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और हरित छावनी का संकल्प साकार होगा।
बिरला ने कोटा के छावनी क्षेत्र स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पवित्र श्रावण मास के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, व्यायामशाला, पार्क, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि छावनी क्षेत्र में व्यायामशालाओं के माध्यम से वर्षों से युवाओं और बच्चों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और संस्कारों से जोड़ने का कार्य हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पौधों की देखभाल करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

