राजस्थान के जयपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा जयपुर के रायसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 पर रतनपुरा गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब कार ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री
जयपुर ग्रामीण के एएसपी नारायण लाल तिवाड़ी ने बताया कि हादसे में मृतकों की पहचान अजय यादव, अभय यादव (दोनों भाई) और आकाश यादव के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए राजस्थान आ रहे थे।
हादसे में शिवम मौर्य और शुभम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ड्राइवर फरार, लोगों में नाराज़गी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम के देर से पहुंचने पर लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर की और मौके पर हंगामा किया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।

