जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत अब 20 कोच के साथ चलेगी,जैसलमेर तक बढ़ेगी साबरमती एक्सप्रेस

Jodhpur Rajasthan

राजस्थान में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने कई नई परियोजनाओं और सेवाओं की घोषणा की है। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के विस्तार, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस को जैसलमेर तक बढ़ाने और जैसलमेर में नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया।

रेल मंत्रालय के अनुसार, 24 मई 2026 से जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस में 8 की जगह 20 कोच लगाए जाएंगे। इसमें दो एग्जीक्यूटिव चेयरकार और 16 एसी चेयरकार शामिल होंगे, जिससे यात्रियों को ज्यादा सीटें और बेहतर सुविधा मिल जाएगी।

साथ ही, साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार अब जैसलमेर तक कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में बड़े बदलाव हुए हैं और पश्चिमी राजस्थान के रेल नेटवर्क को आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जोधपुर और जैसलमेर जैसे क्षेत्रों में नई परियोजनाएं पर्यटन, रोजगार और समन्वय को मजबूत बनाती हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में इस समय करीब 10 हजार करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जोधपुर में नया कोचिंग टर्मिनल और भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर टर्मिनल विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में कई रेलखंडों पर डबलिंग, गेज कन्वर्जन और नई रेल लाइनों का काम भी जारी है। जैसलमेर में 67 करोड़ रुपये की लागत से बने नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया गया। रेलवे का कहना है कि इससे ट्रेनों की मेंटेनेंस क्षमता जितनी और भविष्य में अधिक रेल सेवाओं का संचालन संभव होगा।