अंता, 8 नवंबर 2025 —
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को अंता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में भव्य रोड शो करेंगे। इस कार्यक्रम में उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से सुसज्जित रथ तैयार किया गया है। रोड शो दोपहर 12 बजे अजीतपुरा बालाजी से शुरू होकर सीएडी चौराहा होते हुए ब्रह्मपुरी बालाजी तिराहा तक जाएगा।
भाजपा संगठन ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मार्ग पर स्वागत द्वार लगाए गए हैं और जगह-जगह आमजन द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। रोड शो में महिला एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर अंता क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है। भाजपा का यह रोड शो उपचुनाव से पहले जनसमर्थन को और मजबूती देने का प्रयास माना जा रहा है।

