जस्टिस के. आर. श्रीराम बने राजस्थान हाईकोर्ट के 43वें मुख्य न्यायाधीश

Jaipur Rajasthan

मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे जस्टिस के. आर. श्रीराम (श्रीराम कल्पाती राजेन्द्रन) ने मंगलवार को राजस्थान हाईकोर्ट के 43वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने उन्हें शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, कानून मंत्री जोगाराम पटेल और कैबिनेट के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। जयपुर और जोधपुर बेंच के न्यायाधीशों के अलावा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

मूल रूप से महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले जस्टिस श्रीराम साल 2013 में बॉम्बे हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किए गए थे। 2016 में वे स्थायी न्यायाधीश बने और सितंबर 2024 में मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला था।

यह नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की उस सिफारिश के तहत हुई है, जिसमें राजस्थान हाईकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एम. एम. श्रीवास्तव को मद्रास हाईकोर्ट और जस्टिस के. आर. श्रीराम को राजस्थान हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की अनुशंसा की गई थी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई थी।