मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का विमान रनवे से फिसला,बड़ा हादसा टला

Front-Page National

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट AI2744 लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई। कोच्चि से मुंबई आई इस फ्लाइट की लैंडिंग सुबह 9:27 बजे हुई, लेकिन भारी बारिश के कारण रनवे फिसलन भरा हो गया था। विमान करीब 16-17 मीटर फिसलकर घास पर चला गया।

इस हादसे में किसी भी यात्री या क्रू को चोट नहीं आई है, लेकिन विमान के तीन टायर फट गए और दाहिने इंजन के नैसेल व एक पंख को नुकसान पहुंचा। रनवे पर मौजूद तीन साइनेज बोर्ड और चार लाइटें भी टूट गईं। मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे 09/27 क्षतिग्रस्त हो गया है और उस पर फ्लाइट संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

घटना के बाद DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची है। एयर इंडिया ने बताया कि दोनों पायलटों को हटा दिया गया है और जांच की जा रही है।

बारिश ने मुंबई की रफ्तार भी थाम दी

मुंबई में रविवार देर रात से तेज बारिश हो रही है। नगर निगम (BMC) के अनुसार, बीते 24 घंटों में औसतन 23.45 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि वेस्ट मुंबई में 50.02 मिमी बारिश हुई। निचले इलाकों में जलभराव से कई जगह दो फीट तक पानी भर गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

यह कोई पहली बार नहीं

मुंबई एयरपोर्ट पर मानसून के दौरान इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। सितंबर 2023 में एक बिजनेस जेट लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर दो हिस्सों में टूट गया था। उस हादसे में 8 लोग घायल हुए थे।

वर्तमान घटना में हालांकि किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन यह हादसा एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा और मानसून प्रबंधन पर सवाल खड़ा करता है।