नई दिल्ली : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में पकड़ी गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को हिसार पुलिस गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे कोर्ट लाई। करीब डेढ़ घंटे तक उसकी रिमांड पर बहस चली। इसके बाद हिसार पुलिस को ज्योति की 4 दिन की रिमांड और मिल गई।
हालांकि पुलिस ने 7 की रिमांड की मांग की थी। इस पर जज ने कहा कि 7 दिन की रिमांड किस लिए चाहिए। पुलिस ने कहा कि ज्योति ने देश में कई जगह ट्रैवल किया है और उसकी ट्रैवल हिस्ट्री निकालनी है। अभी उसके फोन और लैपटॉप से डिजिटल एविडेंस नहीं मिले हैं। इसको लेकर ज्योति से और पूछताछ की जानी है। कोर्ट ने इस मांग को खारिज कर दिया।
पेशी के बाद ज्योति को मीडिया की नजरों से बचाने के लिए पुलिस फिल्मी स्टाइल में उसे बाहर ले गई। पुलिस ने पहले काले शीशों वाली स्कॉर्पियो मंगाई, फिर कोर्ट का मेन गेट बंद करा दिया। इसके बाद ज्योति को उसमें बिठाने के बाद पुलिस वहां से रवाना हो गई। इस दौरान किसी अधिकारी ने मीडिया से बात नहीं की।
ज्योति 16 मई को गिरफ्तार हुई थी। इसके बाद 5 दिन तक रिमांड पर रहते हुए हिसार पुलिस के अलावा NIA, मिलिट्री इंटेलिजेंस, IB और अन्य खुफिया एजेंसियों ने उससे पूछताछ की है।

