जयपुर में यूजीसी रोल बैक की मांग पर करणी सेना का प्रदर्शन,पुलिस से झड़प के बाद लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल

Jaipur Rajasthan

जयपुर: यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना की रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

रैली रावण गेट (कालवाड़ रोड) से कलेक्ट्रेट सर्किल तक निकाली गई थी। प्रदर्शनकारियों को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपना था, लेकिन वे आगे बढ़कर भाजपा कार्यालय की ओर जाने लगे। पुलिस ने उन्हें खासाकोठी पुलिया के पास रोकने की कोशिश की।

पुलिस ने पहले बैरिकेड लगाकर रैली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए। इसके बाद चौमूं पुलिया और खासाकोठी क्षेत्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के साथ भी धक्का-मुक्की की घटना सामने आई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन वाहन तक पहुंचने की कोशिश भी की।

रैली के दौरान मौके से गुजर रही एक एंबुलेंस भी भीड़ में फंस गई। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खाली कर एंबुलेंस को आगे निकलने दिया।

यह रैली श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में आयोजित की गई थी। प्रदर्शनकारी यूजीसी रोल बैक सहित सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।