केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कोटा-बूंदी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 1507 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह हवाईअड्डा राजस्थान की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।
कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस एयरपोर्ट पर ए-321 श्रेणी के विमानों का संचालन होगा।
परियोजना के तहत लगभग 20,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में टर्मिनल भवन बनेगा, जो व्यस्त समय में 1000 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा और इसकी सालाना क्षमता 20 लाख यात्रियों तक होगी। एयरपोर्ट में 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। साथ ही 7 एप्रन बे भी बनाए जाएंगे, जहां बड़े विमानों की पार्किंग संभव होगी।
इससे पहले स्पीकर ओम बिरला के प्रयासों से एयरपोर्ट निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी और एयरसाइड व टर्मिनल से जुड़े करीब 850 करोड़ रुपये के टेंडर जारी हो चुके हैं।

