कोटा के दो बांधों से लाखों क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज,निचली बस्तियों में पहुंचा पानी

Kota Rajasthan

राजस्थान के कोटा ज़िले में कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश के कारण बांधों में जलस्तर बढ़ गया है। इसी के चलते सोमवार सुबह कोटा बैराज और नवनेरा बांध के गेट खोलकर लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

कोटा बैराज से सोमवार सुबह 7 बजे 12 गेट खोले गए। इनमें से 6 गेट 20 फीट और 6 गेट 25 फीट तक खोले गए हैं, जिससे करीब 2 लाख 90 हज़ार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बैराज का जल स्तर अब 852.80 फीट तक पहुंच गया है, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 854 फीट है।

वहीं, ईआरसीपी परियोजना के पहले बांध नवनेरा से भी 11 गेट खोलकर लगभग 2 लाख 47 हज़ार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। दोनों बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण चंबल नदी किनारे की निचली बस्तियों तक पानी पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग ने आसपास के गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने ज़िले में भारी बारिश की संभावना जताई है। सोमवार सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे और सवा नौ बजे के बाद रिमझिम बारिश शुरू हुई।

इधर, संभावित बारिश और जलभराव को देखते हुए ज़िला कलेक्टर पीयूष समारिया ने सोमवार और मंगलवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, स्कूल स्टाफ को सामान्य रूप से उपस्थित रहना होगा और पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय समय पर आयोजित की जाएंगी।