जयपुर 09 जनवरी। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार किया है। बेढम ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने एक राजनेता की तरह नहीं बल्कि नौटंकीबाज की तरह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि डोटासरा जवानों का हौसला बढ़ाने की बजाय उनके नियुक्ति पत्र वितरण पर बयानबाजी कर रहे है।
श्री बेढम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ा हुआ था, सरे आम लूट, हत्या और बलात्कार होते थे, मगर कांग्रेस नेताओं का ध्यान अपराध पर नियंत्रण करने की बजाय अपनी सरकार बचाने पर लगा रहा। जबकि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के विकास की गाथा लिखकर विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में अपराध के ग्राफ में उल्लेखनीय कमी आई है।
गृह राज्यमंत्री ने कहा कि डोटासरा , अखबार नहीं पढ़ते, नहीं तो उन्हें आंकड़ों की जानकारी रहती। राजस्थान की जनता अब उनके तथ्य विहिन बयानों का सच समझ चुकी है। यहीं कारण है कि उनको बिहार की तरह राजस्थान में भी अपना सूपड़ा साफ होने की चिंता सता रही है।
बेढम ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें युवाओं के साथ खड़े होकर उनके सपनों को साकार करने का काम कर रही है और उन्हें ये भरोसा दिला रही है कि वे हमेशा उनके साथ है। गृहमंत्री अमित शाह जयपुर पधारेंगे तो युवा पूरे जोश के साथ उनका अभिनंदन और स्वागत करेंगे।

