नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर हमला — बोले,“मंगला पशु बीमा योजना सिर्फ कागज़ों तक सीमित”,सामूहिक विवाह सम्मेलन में की सामाजिक एकता की अपील

Rajasthan Rajasthan-Others

जयपुर/अलवर — नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की मंगला पशु बीमा योजना केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में पशुपालकों को मुफ्त पशुधन बीमा का वादा किया था, लेकिन दो वर्षों में उस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।

जूली ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कामधेनु पशु बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकरण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही उस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। “करीब एक साल तक कोई नई बीमा योजना शुरू नहीं की गई, जिससे लाखों पशुपालकों को नुकसान झेलना पड़ा,” उन्होंने कहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 2024-25 की बजट घोषणा को बेहद धीमी गति से लागू किया और अब सिर्फ सीमा बढ़ाने की बात कर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। जूली ने आंकड़े साझा करते हुए कहा, “अब तक लगभग 9,000 बीमा दावे आए हैं, जिनमें केवल 700 को स्वीकृति मिली — यानी 10 प्रतिशत से भी कम। यह सरकार के वादों और उनके अमल के बीच की दूरी को दर्शाता है।”

जूली ने कहा कि भाजपा की नीतियाँ किसानों और पशुपालकों के प्रति “असंवेदनशील मानसिकता” को उजागर करती हैं। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तत्काल व्यापक पशुधन बीमा योजना लागू करे और प्रभावित पशुपालकों को राहत दे।

इस बीच, अलवर में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भाग लिया। दोनों नेताओं ने ऐसे आयोजनों को “समाज में सामाजिक एकता, सादगी और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम” बताया।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह न केवल दहेज मुक्त परंपरा को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में समरसता और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने का संदेश भी देते हैं। जूली ने कहा, “विभिन्न जातियों के वर-वधू का एक ही मंच पर परिणय सूत्र में बंधना सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से संपन्न वर्ग में सेवा और समर्पण की भावना भी जागती है।”

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा, सतीश भाटिया, अजय अग्रवाल, उमरदीन खान, हिम्मत सिंह चौधरी, विश्राम गुर्जर, सिद्धार्थ व्यास, राहुल पटेल और अभय सैनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।