लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण को लेकर दूसरे दिन भी हंगामा,कार्यवाही स्थगित

Front-Page National

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण के दौरान मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भारी हंगामा देखने को मिला। राहुल गांधी ने दोपहर करीब दो बजे पूर्व सेना प्रमुख की एक अप्रकाशित पुस्तक से जुड़े लेख का हवाला देते हुए सदन में बोलने की अनुमति मांगी।

राहुल गांधी के बोलना शुरू करते ही एनडीए सांसदों ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी। इस दौरान वे लगभग 14 मिनट तक अपनी बात रखने का प्रयास करते रहे, लेकिन शोर-शराबा लगातार बढ़ता गया। इससे पहले सोमवार को भी राहुल गांधी ने करीब 46 मिनट तक बोलने की कोशिश की थी।

हंगामा तेज होने पर पीठासीन अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को रोकते हुए अन्य दलों के सांसदों को बोलने का अवसर देने की बात कही। हालांकि राहुल गांधी के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल, तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी रॉय और डीएमके सांसद डी एम कातिर आनंद ने बोलने से इनकार कर दिया।

इसके बाद विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए और पीठासीन अध्यक्ष की कुर्सी की ओर कागज उछाले गए। बढ़ते हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

बाद में पीठासीन अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने अनुशासनहीनता के आरोप में आठ सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया।