बिहार से विधायक और भजन-लोकगायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों जयपुर के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जवाहर कला केंद्र में आयोजित एक विशेष टॉक शो में भाग लिया।
जयपुर प्रवास के दौरान उन्होंने गुप्त वृंदावन धाम में दर्शन किए और मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध भजन “जय राधे जय कृष्णा, जय वृंदावन” गाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद श्रद्धालु भावुक हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने उनके साथ हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन भी किया। कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें श्रीकृष्ण प्रसाद और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मैथिली ठाकुर भजन, लोकगीत और भारतीय शास्त्रीय संगीत के जरिए भारतीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को लोकप्रिय बनाने के लिए जानी जाती हैं। मंदिर में उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

